
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के आर्मरी ग्राउंड में चल रहे इंटर जेडीसी क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 (सुपर नॉकआउट) के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया. टूर्नामेंट के दौरान खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को भरपूर रोमांच प्रदान किया. पहला मुकाबला एचएसएम बनाम आरएंडी एसएस के बीच हुआ. इस मैच में आरएंडडी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करते हुए एचएसएम की टीम को 10 ओवरों में 56 रनों पर रोक दिया. एचएसएम की ओर से दिग्विजय (19) और कुमार परितोष (13) ने कुछ संघर्ष किया.
आरएंडडी की ओर से इंजमाम ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके. जवाब में गुलशन कुमार की नाबाद 28 रनों की पारी की बदौलत आरएंडडी ने लक्ष्य हासिल कर मैच 6 विकेट से जीत लिया. दूसरा मुकाबला मेकेनिकल मेंटेनेंस बनाम सिंटर प्लांट के बीच हुआ. मेकेनिकल मेंटेनेंस की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 72 रन बनाए. सिन्टर प्लांट की ओर से गेंदबाज़ों ने सधी हुई गेंदबाज़ी की.
लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित महतो की नाबाद 20 रनों की प्रभावशाली पारी की मदद से सिन्टर प्लांट ने मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम किया. तीसरा मुकाबला सिक्योरिटी बनाम इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के बीच हुआ. सिक्योरिटी टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 10 ओवरों में 77 रन बनाए, जिसमें प्रीतम महतो ने शानदार 37 रनों की पारी खेली. जवाब में इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस की टीम ने आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए लक्ष्य को 8.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया और मैच 6 विकेट से जीत लिया.

