
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के आर्मरी ग्राउंड में चल रहे इंटर जेडीसी क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शुक्रवार को जबर्दस्त रोमांच देखने को मिला. खेले गए तीन अहम मुकाबलों के बाद एलडी टू, एलडी थ्री और वन सप्लाई चेन की टीमें शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गईं. पहला क्वार्टर फाइनल इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस बनाम एलडी टू के बीच हुआ. इस मुकाबले में एलडी 2 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस की टीम 10 ओवरों में सभी विकेट खोकर 53 रन ही बना सकी. टीम की ओर से अहसान ने 14 रनों का योगदान दिया. एलडी टू की ओर से सत्या और प्रिंस ने कसी हुई गेंदबाज़ी करते हुए अहम विकेट चटकाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए एलडी 2 ने महेश (12 गेंदों में 16 रन) और अवनीश (15 रन) की सूझबूझ भरी बल्लेबाज़ी की बदौलत 6.5 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया. इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए एलडी टू के महेश को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया.
दूसरे क्वार्टर फाइनल में एलडी थ्री विजेता बना
दूसरा क्वार्टर फाइनल सिन्टर प्लांट बनाम एलडी थ्री के बीच हुआ. इस मुकाबले में एलडी 3 ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए तपन (23 रन) और मंगल (23 रन) की बेहतरीन पारियों की मदद से 10 ओवरों में 98 रन बनाए.जवाब में सिन्टर प्लांट की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 10 ओवरों में मात्र 46 रन पर सिमट गई. एलडी थ्री की ओर से वाई. शिवा और यितेश की घातक गेंदबाज़ी निर्णायक साबित हुई. एलडी थ्री ने यह मुकाबला 52 रनों से जीत लिया. शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए वाई. शिवा को मैन ऑफ द मैच चुना गया. तीसरा क्वार्टर फाइनल आरएंडडी बनाम वन सप्लाई चेन के बीच हुआ. इस मैच में वन सप्लाई चेन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया. आरएंडी की टीम 9.3 ओवरों में 55 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसमें सुमित ने 17 रन बनाए.
वन सप्लाई चेन की ओर से स्वराज ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके.लक्ष्य का पीछा करते हुए संदीप की शानदार 33 रनों की पारी और स्वराज के सहयोग से वन सप्लाई चेन ने 9.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया.इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए स्वराज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया.

