
उदित वाणी, जमशेदपुर : 5वीं हॉकी इंडिया सीनियर मेन अंतर-विभागीय राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 के तीसरे दिन नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) जमशेदपुर में रोमांच और गोलों से भरपूर मैच खेले गए. मौके पर शरत चंद्रन, डायरेक्टर, केरला पब्लिक स्कूल, जमशेदपुर, फिरोज़ खान, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी,सतीश, पूर्व रणजी खिलाड़ी, उमा तिवारी, प्रिंसिपल, हिल टॉप हाई स्कूल और अवधेश सिंह, प्रिंसिपल, विवेक विद्यालय मौजूद थे.
तीसरे दिन की खासियत रही हाई-स्कोरिंग रोमांचक मैच और कठिन मुकाबले. पंजाब एंड सिंध बैंक ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए 7–3 से जीत दर्ज की, जबकि सर्विसेस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने 5–1 की निर्णायक जीत से अपनी मजबूत फॉर्म जारी रखी. स्टील प्लांट स्पोर्ट्स बोर्ड और सेंट्रल सिविल सर्विसेज कल्चरल एंड स्पोर्ट्स के बीच मुकाबला 4–4 से ड्रा पर समाप्त हुआ, जिसे दिन के सबसे रोमांचक मैचों में माना गया.
दिन का मुख्य आकर्षण रही स्पोर्ट्स ऑथॉरिटी ऑफ इंडिया की शानदार 11–0 की जीत, जिसमें मोहम्मद ज़ैद खान ने पांच गोल दागकर सभी का ध्यान आकर्षित कर लिया.
लीग चरण में आगे बढ़ते हुए, मुकाबले दिन-ब-दिन और रोमांचक होते जा रहे हैं, जो आने वाले मुकाबलों के लिए उत्साहजनक माहौल तैयार कर रहे हैं.

