
उदित वाणी, जमशेदपुर : 29 वीं राष्ट्रीय स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन 26 से 29 दिसंबर तक बेंगलुरु में किया गया. इस चैम्पियनशिप में टीएसएएफ स्पोर्ट क्लाइम्बिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने आईएमएफ ईस्ट ज़ोन का प्रतिनिधित्व करते हुए हिस्सा लिया. इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सब जूनियर बॉयज एंड गर्ल्स, जूनियर बॉयज एंड गर्ल्स तथा ओपन मेन एंड वूमेन वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की गईं. प्रतियोगिताएं लीड, स्पीड और बोल्डरिंग-इन तीनों विधाओं में आयोजित की गईं.
पहला स्थान हासिल
सभी वर्गों में उत्कृष्ट और संतुलित प्रदर्शन करते हुए ईस्ट ज़ोन टीम ने कुल 41 अंक अर्जित कर तालिका में पहला स्थान हासिल किया और राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया. 34 अंकों के साथ वेस्ट ज़ोन को पीछे छोड़ते हुए टीम ने अपना दबदबा कायम रखा. यह गौरवपूर्ण उपलब्धि टीएसएएफ स्पोर्ट क्लाइम्बिंग अकादमी के लिए लगातार पांचवीं राष्ट्रीय चैम्पियनशिप जीत है.
टीएसएएफ के खिलाडियों ने अकेले 22 पदक जीते
पदक तालिका की बात करें तो, टीएसएएफ स्पोर्ट क्लाइम्बिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने कुल 22 पदक अपने नाम किए, जिनमें 7 स्वर्ण, 5 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं. पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम को टीएसएएफ के अधिकारियों का मजबूत सहयोग मिला. इस सहयोगी दल में बाबू लाल (कोच), कुमार गौरव (मैनेजर), सुक्यो जिन (ऑब्ज़र्वर), दिशा डांगत (फिजियोथेरेपिस्ट) तथा पार्थो मसूरे और सिद्धि काबरा (स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट) शामिल रहे, जिन्होंने चैम्पियनशिप के दौरान खिलाड़ियों का हर कदम पर मार्गदर्शन और समर्थन किया.

