
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिरसानगर के प्रतिभाशाली छात्र भैया आकाश महतो ने ‘अखिल भारतीय तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025’ में अपने असाधारण प्रदर्शन से विद्यालय, शहर और पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है.
हाल ही में संपन्न इस प्रतियोगिता में आकाश ने Under-14 Indian Round (30 मीटर व्यक्तिगत वर्ग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया. उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार समेत संपूर्ण सरस्वती शिशु शिक्षा परिवार में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है.
भैया आकाश अब आगामी ‘एस.जी.एफ.आई. राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता’ में भाग लेंगे, जो 18 से 19 नवंबर तक वाराणसी (बनारस) में आयोजित की जाएगी. वह इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ‘विद्या भारती’ का प्रतिनिधित्व करेंगे.
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अभिलाष गिरी ने आकाश की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि -“आकाश ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह उपलब्धि हासिल की है. हमें विश्वास है कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी वह अपने प्रदर्शन से विद्यालय और राज्य को गौरवान्वित करेंगे.”
विद्यालय परिवार ने भैया आकाश महतो को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ व्यक्त कीं.

