
उदित वाणी, जमशेदपुर : इंडियन सुपर लीग 2025-26 के मैच 11 में श्री कांतीरवा स्टेडियम में बेंगलुरु एफसी और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ. ‘ब्लूज़’ ने पहले हाफ में ब्रायन सांचेज के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन ‘हाइलैंडर्स’ ने दूसरे हाफ में वापसी करते हुए सीजन का अपना पहला अंक हासिल किया. 20वें मिनट में सांचेज ने दूरी से शानदार शॉट लगाकर बेंगलुरु को बढ़त दिलाई. 68 वें मिनट में लालरिनजुआला ने गुरप्रीत सिंह संधू के ऊपर से सटीक फिनिश करते हुए स्कोर बराबर किया. पहले हाफ में 0-1 से पीछे रहने के बावजूद नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने गेंद पर कब्जे और हमलों में मेजबानों का बराबरी से मुकाबला किया. लालरिनजुआला को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.
रॉबिन यादव को डिफेंस में शामिल किया
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के मुख्य कोच जुआन पेद्रो बेनाली ने एक बदलाव करते हुए रॉबिन यादव को डिफेंस में शामिल किया, जबकि बेंगलुरु के कोच रेनाडी सिंह ने राहुल भेके की जगह ताखेल्लामबम बुंगसन सिंह को मौका दिया. मुकाबला तेज रफ्तार से शुरू हुआ. पहले ही मिनट में पार्थिब गोगोई ने संधू की परीक्षा ली, जबकि जिथिन मदाथिल सुब्रान का प्रयास ब्लॉक हुआ. एंडी रोड्रिगेज के कॉर्नर पर मिशेल जबाको का हेडर पोस्ट से टकराया. शुरुआती दबाव के बावजूद पहला गोल बेंगलुरु ने किया. आशिक कुरुनियान ने बाईं ओर सांचेज को पास दिया. अर्जेंटीनी खिलाड़ी ने अंदर कट करते हुए बॉक्स के बाहर से दाएं पैर से गेंद को निचले कोने में भेज दिया. नॉर्थईस्ट ने दबाव बनाए रखा. जिथिन के शॉट को संधू ने शानदार तरीके से रोका, जबकि जाइरो सैम्पेरियो और मकार्टन निकसन के प्रयास डिफेंस ने रोक दिए. हाफ टाइम से ठीक पहले एंडी की फ्री-किक डिफ्लेक्शन के बाद फिर पोस्ट से टकराई, लेकिन रॉबिन अंतिम स्पर्श नहीं दे सके.
दूसरे हाफ में हैंडलर्स ने मजबूत शुरूआत की
दूसरे हाफ में हाइलैंडर्स ने मजबूत शुरुआत की. जबाको का हेडर बाहर गया, जबकि एक घंटे के करीब संधू ने असीर अख्तर के प्रयास पर बेहतरीन डाइविंग सेव किया. कुछ ही देर बाद उन्होंने जाइरो के शॉट को भी रोका. 64वें मिनट में बेनाली ने लालरिनजुआला को मैदान पर उतारा और उन्होंने तुरंत असर दिखाया. 68वें मिनट में असीर के लंबे पास को नियंत्रित करते हुए उन्होंने बॉक्स के अंदर से गेंद को संधू के ऊपर से टॉप कॉर्नर में पहुंचाकर स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद दोनों टीमों ने जीत के लिए जोर लगाया. सुनील छेत्री का शॉट बाहर गया, जबकि कुरुनियान और निखिल पूजारी सेट-पीस से करीब पहुंचे. अंतिम मिनटों में जिथिन ने फिर संधू को परखा। दूसरी ओर 87वें मिनट में रयान विलियम्स का शॉट बार से टकराया और लालरेमतलुआंगा फनाई का रिबाउंड ब्लॉक हो गया. अंततः कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी और कांतीरवा में रोमांचक मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ.

