
उदित वाणी, जमशेदपुर: 16 से 18 जनवरी तक होने जा रही प्रतिष्ठित स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट के 75वें संस्करण की मेजबानी के लिए जमशेदपुर पूरी तरह तैयार है. वर्ष 1951 में शुरू हुए इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट को टाटा स्टील के निरंतर सहयोग से नई ऊंचाइयां मिली हैं. प्लैटिनम जुबिली वर्ष में प्रवेश कर चुका यह टूर्नामेंट भारतीय गोल्फ परंपरा में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है. प्लैटिनम जुबिली संस्करण का आयोजन बिष्टुपुर स्थित 18-होल बेल्डीह गोल्फ कोर्स और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में संयुक्त रूप से किया जाएगा. इस बार 250 से अधिक गोल्फर खिताब की दौड़ में शामिल होंगे. पटना, भुवनेश्वर, पारादीप, रांची, दिल्ली और जमशेदपुर सहित देश के प्रमुख गोल्फ केंद्रों से खिलाड़ी स्टील सिटी पहुंचेंगे, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक रोचक व चुनौतीपूर्ण होगा.
गोल्फ कैलेंडर में विशिष्ट पहचान
बीते दशकों में स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट ने क्षेत्रीय गोल्फ कैलेंडर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. यह टूर्नामेंट खेल की उत्कृष्टता के साथ-साथ अपनी उत्कृष्ट मेहमाननबाज़ी के लिए भी जाना जाता है. 75वें संस्करण को लेकर देशभर के शीर्ष गोल्फरों, कॉरपोरेट जगत के नेताओं, खेल प्रेमियों और गणमान्य व्यक्तियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. टूर्नामेंट की तैयारियों की कमान जमशेदपुर गोल्फ कैप्टन डीबी सुंदर रमण (वाइस प्रेसिडेंट, कॉरपोरेट सर्विसेज, टाटा स्टील लिमिटेड), गोल्फ सचिव नीरज कुमार सिन्हा (चीफ, सेफ्टी, टाटा स्टील लिमिटेड) और गोल्फ सीईओ एलन सिंह संभाल रहे हैं. आयोजन समिति, टूर्नामेंट को मैदान के भीतर और बाहर दोनों ही स्तरों पर यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है.
यह टूर्नामेंट केवल प्रतियोगिता नहीं है
गोल्फ कैप्टन डीबी सुंदरा रामम ने 75वें वर्षगांठ को शहर के लिए गर्व की बात बताया, उन्होंने कहा, “यह टूर्नामेंट सिर्फ प्रतियोगिता के बारे में नहीं है, बल्कि अनुशासन, सौहार्द और खेल भावना पर बनी विरासत का जश्न मनाने के बारे में है, दशकों से बेल्डीह और गोलमुरी कोर्स ने पीढ़ियों के गोल्फरों को पाला है और एक जीवंत खेल समुदाय को बढ़ावा दिया है। यह जुबली वर्ष उस विरासत को श्रद्धांजलि है और जमशेदपुर में खेल के भविष्य के लिए प्रेरणा है.”
गर्व का पल
इसी भावना को दोहराते हुए जमशेदपुर गोल्फ सेक्रेटरी नीरज सिन्हा ने 75 वर्ष पूरे होने को शहर के पूरे गोल्फ परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा, “यह उत्सव न केवल खिलाड़ियों का सम्मान करता है, बल्कि उन संरक्षकों, प्रशासकों और समर्पित कर्मचारियों का भी जो बेल्डीह और गोलमुरी को राष्ट्रीय मानचित्र पर प्रतिष्ठित गोल्फ गंतव्यों में बदल दिया.” उनके अनुसार, प्लेटिनम जुबली टूर्नामेंट इस लंबी यात्रा में योगदान देने वाले हर व्यक्ति को सामूहिक श्रद्धांजलि है. 2026 का यह संस्करण लगभग 250 गोल्फरों को आकर्षित करने की उम्मीद है, जो हाल के वर्षों में सबसे कड़े मुकाबले वाला टूर्नामेंट बन सकता है. इस अवसर की गरिमा बढ़ाते हुए टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन समापन दिवस पर पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जो टाटा स्टील की खेल को बढ़ावा देने और जमशेदपुर में खेल उत्कृष्टता को पोषित करने की लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगा.
खेल के साथ अन्य आकर्षण भी
प्रतियोगिता में गोल्फर न केवल खिताब और प्रतिष्ठा के लिए बल्कि विभिन्न श्रेणियों में आकर्षक पुरस्कारों के लिए भी मुकाबला करेंगे. खेल के साथ-साथ अन्य कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे. 16 जनवरी को बारबेक्यू डिनर, 17 जनवरी को गाला लंच और डिनर तथा 18 जनवरी को समापन लंच का आयोजन किया जाएगा. लाइव म्यूजिक और बैंड प्रस्तुतियां उत्सव के माहौल को और जीवंत बनाएंगी. गोल्फ की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को सम्मान देने के लिए 2026 संस्करण में विशेष हेरिटेज शोकेस, सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम, भव्य संध्याएं और उन दिग्गजों व पूर्व चैंपियनों के सम्मान में विशेष मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की समृद्ध विरासत को आकार दिया है.

