
उदित वाणी, आदित्यपुर : दिन्दली बस्ती, स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल का वार्षिक खेलकूद आज जेआरडी मैदान, जमशेदपुर में संपन्न हुआ. मौके पर जुस्को श्रमिक संघ के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय मुख्य अतिथि तथा कुन्दन चन्द्रा जमीनी, कैजाद अम्बापरदीवाला, स्कूल के अध्यक्ष सुखदेव महतो, अकादमिक निर्देशक दिलीप कुमार महतो तथा प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित थे.
सर्वप्रथम विद्यालय की श्रेष्ठ धाविका खुशी कुमारी के द्वारा मशाल लेकर मैदान की परिक्रमा करते हुए उसे मुख्य अतिथि को सौंपा गया. तत्पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम के शुभारंभ की घोषणा की गई. इस दौरान छात्रों की टोली ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी तथा स्वागत गीत गाया, योगा एवं गणेश वंदना नृत्य से आगंतुक अतिथियों एवं अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. आकर्षक परिधानों से सुसज्जित बच्चों द्वारा मनमोहक ड्रिल प्रस्तुत किया गया.

अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओ में छात्र एवं छात्राओं ने बढ़_चढ़ कर भाग लिया.जबकि छात्रों ने करतल ध्वनि से अपने-अपने हाउस के धावकों की उत्सव अफ़जाई की. ऑभर ऑल प्रतियोगिताओ में सबसे अधिक अंक अर्जित कर पृथ्वी हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. जबकि मारुति हाउस द्वितीय स्थान पर रहा. जूनियर वर्ग के बालिका वर्ग में प्राची कुमारी तथा सीनियर वर्ग के बालिका वर्ग में खुशी कुमारी ने जीत हासिल की. विजयी छात्र-छात्राओ को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया. धन्यवाद ज्ञापन श्वेता गुहा राय ने किया.

