
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के हिल टॉप स्कूल में स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य डांस फेस्ट ‘CAVORT’ का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से कला और रचनात्मकता का अद्भुत संगम पेश किया. कार्यक्रम की थीम “Where Creativity Meets Competition” रही, जिसके तहत कक्षा 1 से 12 तक के 125 प्रतिभागी छात्रों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

इस डांस फेस्ट का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी सृजनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच देना और उनमें स्वस्थ प्रतियोगिता की भावना को बढ़ावा देना था. स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह उत्सव विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए आनंद, उत्साह और गर्व से भरा यादगार अनुभव बना.
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या उमा तिवारी, शिक्षक‑शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे. सभी ने बच्चों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और उत्कृष्ट नृत्य कला की खुलकर सराहना की और स्कूल प्रबंधन द्वारा दिए गए सृजनात्मक मंच को सराहा.

