
उदित वाणी, जमशेदपुर : नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित प्रेस वार्ता में माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में रेलवे के लिए अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आवंटन किया गया है. विशेष रूप से झारखंड और ओडिशा राज्यों में रेलवे के आधुनिकीकरण, विस्तार और यात्री सुविधाओं के विकास को लेकर बजट में अभूतपूर्व बढ़ोतरी देखने को मिली है.
रेल मंत्री ने बताया कि बजट 2026-27 में झारखंड के लिए रेलवे आधुनिकीकरण और विस्तार हेतु कुल 7536 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि वर्ष 2009 से 2014 के दौरान झारखंड को औसतन मात्र 457 करोड़ रुपये का वार्षिक आवंटन मिलता था. इस प्रकार वर्तमान बजट आवंटन पूर्व की तुलना में लगभग 16 गुना अधिक है. यह बढ़ोतरी राज्य में नई रेल लाइनें, दोहरीकरण, विद्युतीकरण, स्टेशन विकास और सुरक्षा से जुड़े कार्यों को गति देगी.
इसी तरह ओडिशा के लिए भी रेलवे बजट में जबरदस्त बढ़ोतरी की गई है. बजट 2026-27 में ओडिशा को 10,928 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जबकि 2009-14 के दौरान राज्य को औसतन 838 करोड़ रुपये का ही बजट मिलता था. इस तरह ओडिशा के लिए वर्तमान आवंटन करीब 13 गुना अधिक है. रेल मंत्री ने कहा कि इससे ओडिशा में रेल संपर्क मजबूत होगा और औद्योगिक व खनिज परिवहन को भी बड़ा लाभ मिलेगा.
श्री वैष्णव ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य रेलवे को देश की आर्थिक रीढ़ के रूप में और मजबूत बनाना है. बजट में सुरक्षा, समयबद्ध परियोजना पूर्णता, यात्री सुविधाओं में सुधार और माल परिवहन क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है.
इस अवसर पर चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय (सीकेपी) में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम/सीकेपी) श्री तरुण हुरिया भी उपस्थित रहे. उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए बजट आवंटन की जानकारी दी और चक्रधरपुर मंडल में चल रही तथा प्रस्तावित विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर प्रकाश डाला.
डीआरएम श्री हुरिया ने बताया कि बजट आवंटन से मंडल में ट्रैक दोहरीकरण, सिग्नलिंग सिस्टम के आधुनिकीकरण, स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं में विस्तार और माल ढुलाई क्षमता बढ़ाने के कार्यों को तेजी मिलेगी. उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर मंडल देश के महत्वपूर्ण रेल मार्गों में से एक है और बजट की इस बढ़ोतरी से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी.
कुल मिलाकर रेलवे बजट 2026-27 झारखंड और ओडिशा के लिए विकास की नई इबारत लिखने वाला साबित होगा, जिससे न केवल रेल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि रोजगार, व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा.

