
उदित वाणी, गुवा : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस ने सीनी जोनल रेलवे प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षु स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर, क्रू कंट्रोलर, टीसी, टीएनसी तथा टॉवर वैगन चालक को आपदा कार्य प्रशिक्षण प्रदान किया.
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के उप प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने उद्घाटन सत्र में चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी तथा संस्थान के प्राचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डिवीजन द्वारा सुरक्षा-सुरक्षा कार्यों के लिए विभिन्न आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. कुशल प्रशिक्षण से ही ये कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होंगे.

उन्होंने पीपीटी के माध्यम से आग क्या है, आग लगने के सहायक तत्व, बुझाने की विधियां, फायर संयंत्र के प्रयोग में सावधानियां तथा रखरखाव पर विस्तृत जानकारी दी. दोपहर के सत्र में डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद ने मॉक ड्रिल कराकर फायर संयंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया.
कार्यक्रम में संस्थान के उप प्राचार्य एच.के. तथा चीफ अनुदेशक संतोष कुमार के अलावा विशाखापट्नम, संबलपुर, बिलासपुर, राउरकेला एवं रांची के स्टेशन मैनेजर, गार्ड, टीसी सहित कुल 80 प्रशिक्षु रेलकर्मी उपस्थित रहे.
मालूम हो कि चक्रधरपुर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी द्वारा टाटानगर रेल सिविल डिफेंस को सुरक्षित ट्रेन परिचालन, सुरक्षा उपायों का समन्वय तथा दुर्घटना की स्थिति में कुशल आपदा राहत कार्य प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है. सिविल डिफेंस टीम ऐसे प्रशिक्षणों से आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाएगी.

