
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से बुधवार को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय परिसर में एक गरिमामय वेलकम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नव पदस्थापित क्षेत्रीय प्रबंधक सह आपदा प्रबंधन अधिकारी समीर सौरभ का भव्य स्वागत किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य नए क्षेत्रीय प्रमुख का स्वागत कर सिविल डिफेंस टीम की गतिविधियों एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं से उन्हें अवगत कराना था.
कार्यक्रम की शुरुआत सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार द्वारा पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर समीर सौरभ के स्वागत से हुई. उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंघल के नेतृत्व में संपन्न हुए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का उल्लेख किया. साथ ही बताया कि किस प्रकार सिविल डिफेंस टीम ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आपातकालीन स्थितियों में तत्परता से कार्य किया.
इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसमें सिविल डिफेंस टीम की भूमिका बेहद सराहनीय रही है.
कार्यक्रम के अंतिम चरण में आगामी स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को लेकर चर्चा की गई. तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक विशेष परेड, आपदा सुरक्षा मॉक ड्रिल, रक्तदान शिविर और सामूहिक शपथ जैसे आयोजन किए जाएंगे.
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ ने सिविल डिफेंस टीम की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए भरोसा दिलाया कि हर संभव संसाधन और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि टीम और अधिक प्रभावी तरीके से कार्य कर सके. उन्होंने आपदा प्रबंधन को आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया.
वेलकम कार्यक्रम में सिविल डिफेंस डेमोस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह, कल्याण कुमार साहू, महिला बोलेन्टियर गीता कुमारी, अनामिका मंडल, अनिता टुडू समेत क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे.
कार्यक्रम सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी ने टीम भावना के साथ भविष्य में कार्य करने का संकल्प लिया.

