
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेल मंडल अंतर्गत 18 और 19 दिसंबर 2025 को रेल परिचालन प्रभावित रहने वाला है. रेलवे प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार तकनीकी व परिचालन कारणों से कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ खड़गपुर स्टेशन से किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, दो महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा.
पूरी तरह रद्द रहने वाली ट्रेनें
रेलवे के मुताबिक 18 और 19 दिसंबर को निम्नलिखित ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी—
ट्रेन संख्या 68128/68127 टाटानगर–चक्रधरपुर–टाटानगर मेमू पैसेंजर,
68093/68023 एवं 68024/68094 खड़गपुर–जाड़ग्राम–पुरुलिया–जाड़ग्राम–खड़गपुर मेमू पैसेंजर,
58027/58028 खड़गपुर–टाटानगर–खड़गपुर कन्वेंशनल पैसेंजर,
और 68015/68016 खड़गपुर–टाटानगर–खड़गपुर मेमू पैसेंजर.
इन ट्रेनों के रद्द रहने से टाटानगर, चक्रधरपुर, जाड़ग्राम, पुरुलिया और खड़गपुर रेल खंड पर रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष परेशानी हो सकती है. खासकर कार्यालय, शिक्षा और दैनिक आवागमन पर निर्भर यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा.
शॉर्ट टर्मिनेशन व शॉर्ट ओरिजिनेशन
रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि ट्रेन संख्या 68001 (एसआरसी–जाड़ग्राम) 18 और 19 दिसंबर को खड़गपुर में ही समाप्त होगी. वहीं ट्रेन संख्या 68008 (जाड़ग्राम–एसआरसी) इन्हीं तिथियों में खड़गपुर से ही रवाना होगी. इसके चलते खड़गपुर–जाड़ग्राम–खड़गपुर सेक्शन में इन दिनों ट्रेन सेवा पूरी तरह स्थगित रहेगी.
मार्ग परिवर्तित ट्रेनें
इसके अलावा, 08404 दिल्ली–भुवनेश्वर स्पेशल ट्रेन 16 दिसंबर 2025 को तथा 12816 आनंद विहार टर्मिनल–पुरी एक्सप्रेस 17 दिसंबर 2025 को खड़गपुर–हिजली मार्ग से चलाई जाएंगी. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मार्ग परिवर्तन के बावजूद ये दोनों ट्रेनें अपने सभी निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव करती रहेंगी.
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या स्टेशन सूचना केंद्र से अवश्य जांच लें, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके.

