
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के विभिन्न मंडलों में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों के शैक्षणिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए सेंट्रल स्टाफ बेनिफिट फंड की बैठक में कुल 6 करोड़ 9 लाख 66 हजार रुपए की राशि तकनीकी स्कॉलरशिप के लिए स्वीकृत की गई. यह जानकारी ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ, दक्षिण पूर्व रेलवे के महासचिव एवं सीएसबीएफ सदस्य कृष्ण मोहन प्रसाद ने दी.
उन्होंने बताया कि यह बैठक दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्यालय गार्डन रिच में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्रीमती महुआ वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में समिति के सभी सदस्यों ने विभिन्न कर्मचारी कल्याण योजनाओं की गहन समीक्षा की और वर्ष 2025–26 के लिए बजट को अंतिम रूप दिया.
बैठक में जिन सदस्यों ने भाग लिया उनमें -ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ के महासचिव कृष्ण मोहन प्रसाद, दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन चक्रधरपुर मंडल के कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार सिंह, खड़गपुर वर्कशॉप के डिविजनल कोऑर्डिनेटर पी. के. जाना, गार्डन रिच मुख्यालय की सदस्य डॉ. रश्मि पाल चौधरी, उपमुख्य अभियंता (टीएम) के. सी. गुप्ता, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी एवं सचिव सीएसबीएफ सुशांत चौधरी, गार्डन रिच मुख्यालय के सदस्य गणेश चंद्र मैती, तथा ऑल इंडिया एसटी-एससी रेलवे एम्पलाइज एसोसिएशन आद्रा मंडल के सचिव वी. वी. राव शामिल थे.

बैठक में विभिन्न कल्याण योजनाओं को मंजूरी दी गई, जिनमें प्रमुख रूप से-
कर्मचारियों के बच्चों की टेक्निकल स्कॉलरशिप के लिए
चक्रधरपुर, रांची, आद्रा, खड़गपुर मंडल, खड़गपुर वर्कशॉप, सीनी और गार्डन रिच मुख्यालय हेतु कुल
₹6,09,66,000 स्वीकृत.
बीएनआर रिक्रिएशन क्लब के लिए ₹7 लाख.
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम के लिए प्रत्येक मंडल को ₹80,000 तथा गार्डन रिच को ₹3,75,000.
मुंबई हॉलिडे होम में दो अतिरिक्त कमरे एवं दिल्ली हॉलिडे होम में एक अतिरिक्त कमरे के निर्माण की स्वीकृति.
लंबे मेडिकल सीक के कारण वेतन बंद हो चुके कर्मचारियों को आवेदन पर मासिक ₹27,000 की सहायता राशि.
चक्रधरपुर, आद्रा और खड़गपुर मंडल के रिक्रिएशन क्लबों के लिए ₹1,50,000 तथा रांची रिक्रिएशन क्लब के लिए ₹1,00,000 की राशि स्वीकृत.
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को अधिकतम लाभ मिल सके.

