
उदित वाणी, जमशेदपुर : परिचालन संबंधी कारणों से दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर रेलखंड पर बड़े पैमाने पर ट्रेन संचालन में बदलाव किए हैं. इसके तहत छह ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 23 ट्रेनों के रूट, ठहराव और टर्मिनेशन में परिवर्तन किए गए हैं. इस निर्णय का असर टाटानगर, आदित्यपुर, मानगो, जुगसलाई, गोविंदपुर समेत आसपास के इलाकों में रहने वाले यात्रियों पर सीधा पड़ रहा है. अचानक लिए गए फैसले से स्टेशन परिसर और टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ देखी गई. कई लोग ट्रेनें रद्द होने की जानकारी पाकर परेशान नजर आए.
छह ट्रेनें रद्द
रेल प्रशासन के अनुसार, 13509 आसनसोल–गया, 13021 हावड़ा–रक्सौल, 13029 हावड़ा–मोकामा, 13030 मोकामा–हावड़ा, 63297 देवघर–जसीडीह और 63571 जसीडीह–मोकामा ट्रेनें आज रद्द रहेंगी. इन ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहने से यात्रियों की वैकल्पिक यात्रा व्यवस्थाएँ बिगड़ गई हैं.
यात्रियों में नाराजगी और असमंजस
मानगो निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वे जसीडीह जाने वाले थे, लेकिन ट्रेन रद्द होने से उन्हें अब सड़क मार्ग से जाना पड़ेगा. उनका कहना है, “जरूरी काम होने के कारण टिकट बुक कराया था. अचानक कैंसिलेशन से काफी दिक्कत हो रही है.” कई यात्रियों ने रेलवे से समय पर सूचना देने और प्रबंधन बेहतर करने की मांग की है.
13 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित
टाटानगर–बक्सर (18183) को आसनसोल–पाथरडीह–गया–पटना मार्ग से संचालित किया जाएगा. इसी प्रकार 22459 मधुपुर–आनंद विहार, 12023 हावड़ा–पटना, 22347 हावड़ा–पटना, 13105 सियालदह–बलिया, 15047 कोलकाता–गोरखपुर, 13005 हावड़ा–अमृतसर, 12333 हावड़ा–प्रयागराज रामबाग, 17008 दरभंगा–सिकंदराबाद, 13332 पटना–धनबाद, 18186 गोड्डा–टाटानगर और 13127 कोलकाता–आरा का मार्ग बदल दिया गया है. कई ट्रेनों को धनबाद, गया, भागलपुर और साहिबगंज में अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा, जिससे यात्रा समय बढ़ सकता है.
चार ट्रेनें आंशिक रूप से संचालित
13207 पटना–जसीडीह, 13208 जसीडीह–पटना, 63210 पटना–देवघर और 63574 किउल–जसीडीह को जसीडीह के बजाय जमुई तक सीमित कर दिया गया है. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन स्टेटस की जांच करने की अपील की है.

