
उदित वाणी, जमशेदपुर : रांची रेल मंडल में चल रहे रेलवे के विकास एवं आधुनिकीकरण कार्यों का सीधा असर अब रेल यात्रियों पर पड़ने वाला है. मंडल के विभिन्न सेक्शनों में ट्रैक और सिग्नल अपग्रेडेशन के कारण रेलवे ने टाटा-हटिया मार्ग समेत तीन दर्जन से अधिक यात्री ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके.
रद्द की गई ट्रेनों में प्रमुख रूप से टाटा-हटिया-टाटा (18601-18602) एक्सप्रेस और हटिया-सीनी-हटिया (58663-58664) पैसेंजर शामिल हैं, जिन्हें 10 दिसंबर से 7 जनवरी तक रद्द रखा जाएगा. इसी अवधि में रांची-बोकारो स्टील सिटी (58033-58034) पैसेंजर और हटिया-सीनी (58665-58666) पैसेंजर ट्रेनें भी नहीं चलेंगी.
वहीं खड़गपुर-रांची-खड़गपुर (18085-18086) एक्सप्रेस तथा धनबाद-रांची-धनबाद (13303-13304) एक्सप्रेस को 23 दिसंबर से 7 जनवरी तक रद्द किया गया है. इसके अतिरिक्त टाटा-हटिया (68035-68036) मेमू भी इस अवधि में नहीं चलेगी.
रांची-चोपान (18632) एक्सप्रेस को 25, 27, 29 दिसंबर और 1, 3, 5, 8 जनवरी को रद्द किया गया है. वहीं रांची-भागलपुर (13403-13404) वनांचल एक्सप्रेस और दुमका-रांची (13319-13320) इंटरसिटी एक्सप्रेस को 6 और 7 जनवरी को बंद रखा जाएगा.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन विकास कार्यों के पूरा हो जाने के बाद रूट पर ट्रेनों की गति और सुरक्षा दोनों में सुधार होगा. यात्रियों को अल्पकालिक परेशानी झेलनी पड़ सकती है, लेकिन दीर्घकाल में उन्हें इसका लाभ मिलेगा. रेलवे ने ऑनलाइन पोर्टल और हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेन स्थिति जांचने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है.

