
उदित वाणी, पाकुड़ : पाकुड़ के बरहरवा रेलखंड पर परिचालन बाधित करने की साजिश नाकाम हो गई. तिलभट्टा कुमारपुर रेलवे फाटक के निकट पल संख्या 156/12 के पास असामाजिक तत्वों ने रेल पटरी पर 4-5 फीट लंबा लोहा रख दिया था. मालगाड़ी चालक की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी के ठीक पीछे रांची वनांचल एक्सप्रेस आ रही थी. चालक ने लोहे को समय रहते देख लिया और ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक ली. सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, डॉग स्क्वायड टीम व पुलिस घटनास्थल पहुंची.
प्रारंभिक जांच में परिसंपत्ति को नुकसान पहुंचाने व परिचालन बाधित करने का उद्देश्य सामने आया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. रेलवे ने सुरक्षा बढ़ा दी है.
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, डॉग स्क्वायड ने संदिग्ध गतिविधियों के सुराग खोजे. घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ. जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी.

