
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारतीय रेल द्वारा देशभर के स्टेशनों को आधुनिक रूप में विकसित करने की दिशा में शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अब झारखंड का लोहर्दगा रेलवे स्टेशन भी नए स्वरूप में नजर आएगा. दक्षिण पूर्व रेलवे के अधीन आने वाले कुल 72 स्टेशनों में लोहर्दगा भी शामिल है, जहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ, स्वच्छता और सौंदर्य का नया अनुभव मिलेगा.
लोहर्दगा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य रांची रेल मंडल के अंतर्गत किया जा रहा है. इस परियोजना पर 8.26 करोड़ रुपये की लागत आएगी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य चरणबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान असुविधा न हो.
पुनर्विकास कार्यों में स्टेशन की पूरी रूपरेखा को नया रूप दिया जा रहा है. स्टेशन परिसर में नया स्टेशन भवन बनाया जा रहा है, वहीं सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग क्षेत्र को भी विस्तारित व आधुनिक किया जा रहा है. यात्रियों की सुविधा के लिए दो नए लिफ्ट, 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज, एप्रोच रोड, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा पॉर्च का निर्माण प्रस्तावित है.

विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए स्टेशन पर रैंप, आरक्षण काउंटर, पानी की व्यवस्था, शौचालय और पार्किंग क्षेत्र जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं. प्लेटफॉर्म पर नया शेल्टर, सतह सुधार, कोच इंडिकेशन बोर्ड, वाटर बूथ, और आरामदायक बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी.
यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) को पूरी तरह आधुनिक बनाया जाएगा और स्टेशन की दीवारों को स्थानीय कला एवं संस्कृति के रंगों से सजाया जाएगा, जिससे क्षेत्र की पहचान बनी रहे.
रेलवे के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना का लक्ष्य सिर्फ ढांचागत सुधार नहीं, बल्कि यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना भी है. इसके तहत स्टेशन को साफ-सुथरा, सुंदर, सुरक्षित और सहज पहुँच योग्य बनाया जा रहा है.
लोहर्दगा स्टेशन का यह कायाकल्प न केवल स्थानीय लोगों को आधुनिक सुविधाएँ देगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी नई ऊर्जा का संचार करेगा.

