
उदित वाणी, जमशेदपुर : रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में बदलाव करने का निर्णय लिया है. इस नई व्यवस्था के तहत अब कई ट्रेनें जमशेदपुर रेलखंड में मूरी के बजाय चांडिल–पुरूलिया मार्ग से संचालित की जाएंगी. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से ट्रैफिक दबाव कम होगा और ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारू हो सकेगा.
रेलवे के अनुसार, इस नए मार्ग से परिचालन करने पर यात्रियों की यात्रा दूरी में करीब छह किलोमीटर की कमी आएगी. साथ ही, ट्रेनों की समयबद्धता में भी सुधार होने की संभावना है. अधिकारियों का मानना है कि चांडिल -पुरूलिया सेक्शन में ट्रेन संचालन के लिए पर्याप्त क्षमता उपलब्ध है, जिससे इस रूट पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन आसानी से किया जा सकेगा.
जिन प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है उनमें नई दिल्ली–भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस (22823/22824), भुवनेश्वर–आनंद विहार एक्सप्रेस (22805/22806), पुरी–आनंद विहार एक्सप्रेस (18427/18428), पुरी–आनंद विहार नीलाचल एक्सप्रेस (12875/12876) और पटना–टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस (20893/20894 तथा 21895/21896) शामिल हैं.
हालांकि, इस बदलाव को कब से लागू किया जाएगा, इसे लेकर अभी तक रेल मंत्रालय ने आधिकारिक तिथि की घोषणा नहीं की है. मंत्रालय ने संकेत दिया है कि नई समय-सारणी और विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित स्टेशन के नोटिस बोर्ड पर जारी ताजा सूचना अवश्य देख लें. अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से न केवल ट्रेन संचालन अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित होगा, बल्कि यात्रियों को भी कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी.

