
उदित वाणी, जमशेदपुर : भारतीय रेलवे अगले कुछ दिनों में काउंटर से जारी होने वाले तत्काल टिकटों में ओटीपी आधारित बुकिंग व्यवस्था लागू करेगा. यह पहल तत्काल टिकटों के दुरुपयोग को रोकने और वास्तविक यात्रियों को अधिक सुविधा देने के लिए लाई जा रही है. जुलाई 2025 में ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार आधारित प्रमाणीकरण शुरू किया गया था. इसके बाद अक्टूबर 2025 में पहले दिन की सभी ऑनलाइन बुकिंग पर ओटीपी प्रणाली लागू हुई. इसके बाद 17 नवंबर 2025 से रेलवे ने काउंटर पर तत्काल टिकटों पर ओटीपी आधारित पायलट प्रोजेक्ट भी शुरू किया, जो अब 52 ट्रेनों तक विस्तारित है. काउंटर बुकिंग के दौरान यात्री के मोबाइल पर ओटीपी जाएगा, सत्यापन के बाद ही टिकट जारी होगा. जल्द ही यह व्यवस्था सभी ट्रेनों पर लागू कर दी जाएगी.

