
उदित वाणी, जमशेदपुर : साउथ ईस्टर्न रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है. गिद्धनी स्टेशन पर दो मिनट के लिए कई प्रमुख दपूरे ट्रेनों का अस्थायी ठहराव लागू रहेगा. यह विशेष व्यवस्था आगामी 1 अक्टूबर और 2 अक्टूबर 2025 को की जा रही है. इसके तहत 8 प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित होंगी. जिनमें हावड़ा-टाटानगर स्टील एक्सप्रेस (12813), टाटानगर-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस (12814), हावड़ा-तितलगढ़ इस्पात एक्सप्रेस (12871), तितलगढ़-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस (12872), हावड़ा-कांताबंजि इस्पात एक्सप्रेस (22861), कांताबंजि-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस (22862), हावड़ा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस (22891) और रांची-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (22892) शामिल हैं.
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह अस्थायी ठहराव गिद्धनी स्टेशन पर ट्रैक से जुड़ी आवश्यक तकनीकी कार्यवाही और अवसंरचनात्मक सुधार कार्यों के कारण की जा रही है. यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा के दौरान गिद्धनी स्टेशन पर थोड़ी देर के लिए ट्रेन के रुकने की संभावना को ध्यान में रखें ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
इसके अतिरिक्त, 4 अक्टूबर 2025 को हावड़ा-घाटसिला और घाटसिला-हावड़ा मेमू एक्सप्रेस (18033, 18034) अपने नियमित समयानुसार चलेंगी.
रेलवे प्रशासन ने इस दौरान सभी यात्रियों से समय-समय पर सूचनाओं की जांच करने की अपील की है, ताकि वे अपनी यात्रा सुगम और सुरक्षित बना सकें.

