
उदित वाणी, जमशेदपुर : त्योहारी सीजन में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने व्यापक तैयारियाँ की हैं, ताकि लोगों की यात्रा सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध हो सके. मंडल ने भारतीय रेलवे की नीति के अनुरूप कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें विशेष ट्रेनों का संचालन, 24×7 वॉर रूम की स्थापना, सीसीटीवी आधारित निगरानी प्रणाली और स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार प्रमुख हैं.
भारतीय रेलवे ने इस वर्ष पूरे देश में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें संचालित की हैं, जो पिछले वर्ष की 7,724 ट्रेनों की तुलना में रिकॉर्ड वृद्धि दर्शाती है. इसी क्रम में चक्रधरपुर मंडल ने भी अहम योगदान देते हुए 08183/08184 टाटा–बक्सर–टाटा साप्ताहिक दिवाली/छठ विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया है. इसके साथ ही दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर 12 जोड़ी विशेष ट्रेनें विभिन्न मार्गों पर चलाई जा रही हैं, जिससे मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुककर यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिल सके.
भीड़ प्रबंधन के लिए मंडल मुख्यालय में 24×7 वॉर रूम संचालित किया जा रहा है, जहां से सभी प्रमुख स्टेशनों की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है. इसमें ट्रेन की स्थिति, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सहायता से जुड़ी सभी गतिविधियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टाटानगर, राउरकेला, चक्रधरपुर समेत मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. आरपीएफ और जीआरपी की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को समय रहते रोका जा सके. यात्रियों की सुविधा के लिए टाटानगर स्टेशन पर नया होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है, जिसमें पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छ शौचालय और चार्जिंग प्वाइंट जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं.
चक्रधरपुर मंडल का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसी उद्देश्य से सभी तैयारियाँ समय रहते पूरी की गई हैं. मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट की वैधता, समय सारिणी और सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करें, ताकि यात्रा व्यवस्था सुचारू बनी रहे.

