
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले डांगुवापोसी रेल खंड में गुरुवार दोपहर एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते टल गई. मुर्गा महादेव के पास दोपहर लगभग 2:00 बजे एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई और बोगियां पलट गईं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के पीछे भारी बारिश के कारण ट्रैक में आई तकनीकी खामी को वजह बताया जा रहा है, हालांकि रेलवे की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया. डांगुवापोसी से तुरंत रिलीफ ट्रेन घटनास्थल के लिए रवाना की गई. साथ ही चक्रधरपुर से भी तकनीकी टीमों को भेजा गया है ताकि स्थिति का आकलन किया जा सके और आवश्यक राहत कार्य शुरू किए जा सकें. चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) स्वयं घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं.

रेलवे सूत्रों के अनुसार, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, क्योंकि यह मालगाड़ी थी और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था. घटना के कारण इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित हो गई है, जिससे अन्य मालगाड़ियों और कुछ पैसेंजर ट्रेनों पर भी असर पड़ा है. ट्रैक को बहाल करने के प्रयास तेज़ी से किए जा रहे हैं.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह गई थी, जिससे ट्रैक कमजोर हो गया और यह हादसा हुआ. हालांकि रेलवे की तकनीकी टीम द्वारा इसकी विस्तृत जांच की जा रही है और वास्तविक कारण का खुलासा रिपोर्ट के बाद ही किया जाएगा. रेल प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और जल्द से जल्द ट्रैफिक बहाल करने का आश्वासन दिया है. स्थिति पर उच्च अधिकारी नजर बनाए हुए हैं.

