
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में रेल संचालन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. आदित्यपुर रेलवे स्टेशन को अब टाटानगर रेलवे स्टेशन का सैटेलाइट स्टेशन घोषित कर दिया गया है. रेलवे बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. इसके तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन से चलने वाली आठ ट्रेनों का प्रारंभ और समापन अब आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर होगा.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस निर्णय का उद्देश्य टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करना और आदित्यपुर–गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के यात्रियों को सीधी सुविधा देना है. अब इन इलाकों के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए टाटानगर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और यातायात की परेशानी से राहत मिलेगी. हालांकि, जमशेदपुर शहर के यात्रियों के लिए यह बदलाव कुछ हद तक असुविधाजनक साबित हो सकता है, क्योंकि उन्हें अब आदित्यपुर में उतरकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक जाना होगा.
रेलवे द्वारा जिन ट्रेनों के संचालन स्थल में बदलाव किया गया है, उनमें प्रमुख रूप से टाटा–विशाखापत्तनम–टाटा एक्सप्रेस, टाटा–धनबाद–टाटा स्वर्णरेखा एक्सप्रेस, टाटा–आसनसोल–टाटा एक्सप्रेस और टाटा–हटिया–टाटा पैसेंजर शामिल हैं.
ट्रेन संख्या 20816 विशाखापत्तनम–टाटानगर एक्सप्रेस 29 मार्च से आदित्यपुर तक ही आएगी और सुबह 6:35 बजे वहीं से रवाना होगी. वहीं 20815 टाटानगर–विशाखापत्तनम एक्सप्रेस 30 मार्च से सुबह 7:30 बजे आदित्यपुर से खुलेगी.
इसी तरह 13301 धनबाद–टाटानगर स्वर्णरेखा एक्सप्रेस 5 फरवरी से आदित्यपुर तक ही आएगी, जबकि 13302 टाटानगर–धनबाद स्वर्णरेखा एक्सप्रेस अब आदित्यपुर से 3:35 बजे प्रस्थान करेगी. 13512 आसनसोल–टाटानगर एक्सप्रेस 6 फरवरी से आदित्यपुर तक आएगी और 13511 टाटानगर–आसनसोल एक्सप्रेस उसी दिन दोपहर 1:25 बजे आदित्यपुर से खुलेगी.
इसके अलावा, पैसेंजर ट्रेनों में भी बदलाव किया गया है. 68036 हटिया–टाटानगर पैसेंजर अब टाटानगर नहीं जाकर आदित्यपुर में ही रात 11:35 बजे समाप्त होगी, जबकि 68035 टाटानगर–हटिया पैसेंजर 5 फरवरी से सुबह 6:35 बजे आदित्यपुर से ही चलेगी.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में आदित्यपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर किया जाएगा, ताकि सैटेलाइट स्टेशन की भूमिका को प्रभावी ढंग से निभाया जा सके.

