
उदित वाणी, रांची : राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष गंगवार ने राज्य के चार विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति के लिए सर्च कमिटी का गठन कर दिया है. राजभवन सचिवालय द्वारा इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी एनटीए के चेयरमैन प्रदीप जोशी की अध्यक्षता में गठित इस सर्च कमेटी में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव राहुल पुरवार सरकार के प्रतिनिधि होंगे. इसके अलावा चारों विश्वविद्यालयों के लिए गठित अलग-अलग कमेटियों में इन दोनों अधिकारियों के अलावा यूजीसी व अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि सदस्य भी बनाए गए है.
प्रदीप जोशी की अध्यक्षता में गठित सर्च कमिटी द्वारा रांची विश्वविद्यालय, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, वीर बुधु भगत विश्वविद्यालय एवं झारखंड ओपेन यूनिवर्सिटी के कुलपतियों की नियुक्ति की अनुशंसा की जायेगी. जल्द ही कुलपतियों के चयन के लिए सर्च कमिटी की बैठक की तिथि तय कर दी जायेगी. उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों इन विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया था. अभ्यर्थियों को 25 मई तक अपना आवेदन समर्पित करना था.
निवर्तमान कुलपतियों का कार्यकाल इसी माह होगा समाप्त
फिलहाल रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डा अजीत कुमार सिन्हा, वीर बुधु भगत विश्वविद्यालय के कुलपति डा तपन कुमार शांडिल्य और झारखंड ओपेन यूनिवर्सिटी के कुलपति डा टीएन साहु का कार्यकाल इसी माह जून माह में ही समाप्त हो जायेगा. जबकि जमशेदपुर वीमेंस विश्वविद्यालय के कुलपति डज्ञ अंजिला गुप्ता को कोल्हान विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त कर दिया गया है और गुप्ता जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के कुलपति के अतिरिक्त प्रभार में हैं.
