
उदित वाणी, मानगो : नगर निगम चुनाव में एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के पक्ष में सोमवार को मानगो में भव्य पदयात्राएं निकाली गईं. विधायक सरयू राय के नेतृत्व में ये पदयात्राएं पूरी तरह सफल रहीं, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ा.
पहली पदयात्रा टाइगुट्टू बड़ा हनुमान मंदिर से शुरू हुई, दूसरी हीरा होटल के पास से. सरयू राय ने न्यू पुरुलिया रोड पर दुकानदारों से मुलाकात कर एनडीए प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की. उन्होंने डाइगुट्टू, दीपसाही कॉलोनी, पोस्ट ऑफिस रोड व गौड़ बस्ती में भी पदयात्रा की.
पदयात्रा के दौरान सरयू राय ने तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा, “मानगो की जनता मेयर का चुनाव करेगी, मेयर पति का नहीं. जो व्यक्ति पत्नी को गूंगी गुड़िया बनाकर चुनाव लड़वा रहा है, उसे जनता परास्त करेगी. एक ही व्यक्ति सांसद, विधायक, मंत्री और अब मेयर बनने की महत्वाकांक्षा रखता है, यह उचित नहीं. नई पीढ़ी को अवसर मिलना चाहिए.”
उन्होंने दावा किया कि एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में जनसमर्थन बढ़ रहा है. “राष्ट्रवादी ताकतें एकजुट हैं, जो वंदे मातरम का उद्घोष करती हैं. राष्ट्रविरोधी ताकतों को यहां निर्णायक जवाब मिलेगा. जनता अब परिवारवाद व वोट बैंक राजनीति को नकार युवा नेतृत्व चुनेगी.”
इसमें महापौर प्रत्याशी संध्या सिंह, जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, आशुतोष राय, नीरज सिंह, पप्पू सिंह, अमृता मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.

