
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर (जोन-05) स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के विस्तार को लेकर राज्य सरकार से शीघ्र पहल करने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मुलाकात कर पत्र सौंपा और अतिरिक्त भवन निर्माण तथा चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया.
पूर्णिमा ने अपने पत्र में कहा है कि बिरसानगर जोन-05 स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में वर्तमान में भवन उपलब्ध है, लेकिन बढ़ती मरीजों की संख्या के कारण भवन अपर्याप्त साबित हो रहा है. भीड़भाड़ के समय मरीजों को पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता है, वहीं स्वास्थ्यकर्मियों को कार्य निष्पादन और विभागीय बैठकों एवं विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पत्रांक NUHM/2023/789 दिनांक 20 सितंबर 2025 के माध्यम से भी अतिरिक्त भवन निर्माण की आवश्यकता जताई गई है. पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान भवन के सामने पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जहां नए भवन का निर्माण किया जा सकता है.
विधायक ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि असामाजिक तत्वों से संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि बिरसानगर क्षेत्र की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर है, ऐसे में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ होना जरूरी है, ताकि लोगों को बेहतर और सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने विधायक को आश्वस्त किया कि इस मामले में सभी आवश्यक पहल जल्द की जाएगी.

