
उदित वाणी, पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन ने गुरुवार को तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया. साथ ही, मुकेश सहनी को उप मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुना गया.
महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि इस गठबंधन में शामिल सभी दलों ने यह निर्णय लिया है कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है तो तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री होंगे और वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी उप मुख्यमंत्री बनेंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक समीकरणों के आधार पर अन्य उप मुख्यमंत्री भी बनाए जाएंगे. कांग्रेस नेता ने एनडीए से भी मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि एनडीए को भी अपने मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा करनी होगी. पिछले चुनाव में हम लोग थोड़े सीटों के कारण सरकार नहीं बना पाए थे. इस बार हम पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में जा रहे हैं.
कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार के लोग बदलाव चाहते हैं. बिहार ही नहीं, पूरे देश की हालत खराब है. उन्होंने भाजपा पर धनबल के जरिए चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हर प्रदेश के चुनाव में उनका मॉडल अलग होता है और उसी मॉडल के जरिए वे चुनाव मैदान में जाते हैं. भाजपा झूठे वादे और विपक्ष पर झूठे आरोप लगाकर सत्ता पाना चाहती है. आज बिहार में बेरोजगारी बढ़ गई है. छात्र, युवा, किसान, महिलाएं और आम लोग परेशान हैं.
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा. वहीं, वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी. प्रदेश में मुख्य मुकाबला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए और विपक्षी महागठबंधन के बीच है.
(आईएएनएस)

