
उदित वाणी, रांची : सत्तापक्ष की ओर से झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि भाजपा राज्य की शांति भंग करने पर आमादा है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा हूल दिवस के दिन भोगनाडीह की घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है. राज्य में कानून व्यवस्था सर्वोपरि है. किसी को भी इसे हाथ में लेने की इजाज़त नहीं दी जायेगी. उन्होंने कहा कि हूल दिवस के अवसर पर भोगनाडीह में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया था. लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सुनियोजित ढंग से स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश की गई. सरकार असामाजिक तत्वों की पहचान करेगी और ऐसे लोगों का पर्दाफाश किया जाएगा. झामुमो की अगुवाई वाली सरकार में विभाजनकारी ताकतों को कभी भी सिर उठाने नहीं दिया जाएगा. पांडेय ने कहा कि भाजपा जानबूझकर भ्रामक प्रचार कर रही है और झूठे आरोपों के ज़रिए लोगों को भड़काने की कोशिश कर रही है.
भाजपा ने चंपाई व लोबिन को वहां अशांति पैदा करने का दिया था टास्क- केशव महतो कमलेश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि भोगनाडीह में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम ने माहौल बिगाड़ने का काम किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन दोनों नेताओं को वहां अशांति पैदा करने का टास्क दिया था. इस टास्क को दोनों ही नेताओं ने अंजाम तक पहुंचाने का काम किया. कमलेश ने कहा कि पहले से आज के दिन भोगनाडीह में कार्यक्रम होते रहा है. कभी कोई अप्रिय घटना नहीं घटी. लेकिन भाजपा नेताओं ने इस बार वहां व्यवधान खड़ा करने का काम किया.
