
उदित वाणी, रांची : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन में सीटों का बंटवारा तय हो गया है. यद्यपि इसका खुलासा नहीं किया गया है. लेकिन झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने बयान देकर कहा कि झामुमो ने बिहार चुनाव में 12 सीटों पर दावेदारी पेश की है. जिनमें 8 सीटों में पार्टी मजबूत स्थिति में है. उन्होंने यह भी कहा की राहुल गांधी के वोट अधिकार यात्रा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पटना गये थे और कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के साथ मुलाकात की थी.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने झामुमो की दावेदारी जता दी है. पांडेय ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में झामुमो की भूमिका को लेकर सभी बातें तय हो गई है. हमारी बिहार में राजनीतिक क्षमता है. उसके अनुसार मान सम्मान मिलेगा. उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग के लिए सकारात्मक बातें हुई है और अब सिर्फ घोषणा बाकी है. झामुमो का दावा बिहार के कटोरिया, चकाई, ठाकुरगंज, कोचाधामन, रानीगंज, बनमनखी, धमदाहा, रुपौली, प्राणपुर, छातापुर, सोनबर्षा, झाझा, रामनगर, जमालपुर, तारापुर व मनिहारी पर है.
