
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकसभा सांसद विद्युत वरण महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर जमशेदपुर क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं से संबंधित कई ज्ञापन सौंपे. उन्होंने एनएच-33 के निकट पारडीह काली मंदिर से पटमदा, काटिन, बंधवान, झिलमिली होते हुए बांकुड़ा तक नई सड़क का प्रस्ताव दिया, जो टाटा स्टील (जमशेदपुर) और दुर्गापुर स्टील सिटी के मध्य कनेक्टिविटी मजबूत करेगा. साथ ही एनएच-220 को चाईबासा से हाता के बाद जादूगोड़ा, मुसाबनी, गुड़ाबांदा होते हुए ओडिशा के बॉम्बे चौकी तक विस्तारित करने की मांग की, जिससे झारखंड-ओडिशा परिवहन नेटवर्क सशक्त बनेगा.
सांसद ने सीआरआईएफ फंड से पूर्वी सिंहभूम की जर्जर सड़कों के निर्माण हेतु पांच प्रमुख प्रस्ताव दिए, जिनमें एनएच-6 कालियाडिंगा से चित्रेश्वर, रांगुनिया, कुम्हारडुबी होते जगन्नाथपुर (पश्चिम बंगाल सीमा), एनएच-18 महेशपुर से ज्योति पहाड़ी, जामबनी, आंगारपाड़ा होते माकड़ी-पहाड़पुर (ओडिशा सीमा), पटमदा के बेलटांड चौक से कुलटांड, चुडदा बांसगढ़ होते लछीपुर-मुकरुडीह (पश्चिम बंगाल सीमा), बामडोल घाट पर सुवर्णरेखा नदी पुल तथा धालभूमगढ़-नरसिंहगढ़ रेल फाटक से भैरवपुर, छोड़िया होते मुसाबनी-डुमरिया मुख्य पथ शामिल हैं.
घाटशिला के फूलडुंगरी, बहरागोड़ा पीडब्ल्यूडी चौक तथा एनएच-6 खान्दामौदा में दुर्घटनाओं को रोकने हेतु अंडरपास/ओवरब्रिज निर्माण तेज करने की मांग उठाई, जहां ट्रैफिक दबाव, स्कूल-कॉलेज होने से छात्रों को खतरा है. मंत्री गडकरी ने सभी प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने एवं कालियाडिंगा-फूलडुंगरी कार्यों को गति देने के निर्देश दिए; बामडोल पुल हेतु राज्य से प्रस्ताव मांगा.

