
उदित वाणी, रांची : मोरहाबादी मैदान में झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की ओर से आयोजित पाँच दिवसीय “जेसोवा दिवाली मेला” का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया. इस मौके पर उन्होंने जेसोवा को रजत जयंती वर्ष की शुभकामनाएँ दीं और संस्था के जनसेवा कार्यों की सराहना की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना अत्यंत सराहनीय कदम है और जेसोवा ने इसे अपने उद्देश्य के रूप में अपनाया है. राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में जेसोवा का योगदान प्रेरणादायक रहा है.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेसोवा द्वारा बेड़ो और लापुंग में संचालित दो पुस्तकालयों का शुभारंभ किया. इसके साथ ही उन्होंने संस्था के सौजन्य से रांची के हरमू स्थित नेत्रहीन विद्यालय के दो शिक्षकों को 96-96 हजार रुपये की सम्मान राशि का सांकेतिक चेक प्रदान किया. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पाकुड़ के टीबी रोगियों और अन्य संस्थाओं के सहायतार्थ राशि भी सौंपी.
उद्घाटन समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विधायक कल्पना सोरेन के साथ विशेष वाहन में बैठकर मेला परिसर का भ्रमण किया और विभिन्न स्टॉल धारकों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया.
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, जेसोवा की पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और नागरिक उपस्थित थे. जेसोवा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस दिवाली मेले से प्राप्त आय समाज के जरूरतमंदों और सामाजिक कल्याण कार्यों में लगाई जाएगी.

