
उदित वाणी, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के 13 प्रखंडों में कार्यरत करीब सात सौ आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों के धरना पर बैठने से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है. नियमित वेतन भुगतान की मांग को लेकर स्वास्थ्य कर्मी लगातार बारिश में भी भींगते हुए धरना पर डटे हुए हैं. स्वास्थ्य कर्मियों का यह आंदोलन आउटसोर्सिंग एजेंसी डिटेक्टिव फोर्स प्राइवेट लिमिटेड की मनमानी और वेतन कटौती के विरोध में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी है.
जेएलकेएम के बैनर तले चल रहे आंदोलन में नेताओं ने वेतन कटौती, ईपीएफ और इएसआईसी में गड़बड़ी, बोनस भुगतान, सैलरी स्लिप और समय पर वेतन जैसी सात सूत्री मांगों को लेकर कर्मी आंदोलनरत हैं. कर्मियों ने कहा कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तबतक वे काम पर नहीं लौटेंगे. स्वास्थ्य कर्मियों ने राज्य सरकार पर कई गम्भीर आरोप लगाए हैं. धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष स्वास्थ्यकर्मी डटे हुए हैं.

