
उदित वाणी, रांची : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने झारखंड के पार्टी विधायकों, मंत्रियों व सांसदों को 14 जुलाई को दिल्ली तलब किया है. इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस के कई अन्य बड़े नेताओं के भी बैठक में बुलाया गया है. राहुल गांधी उस दिन प्रदेश के इन तमाम बड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगे. बताया गया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बैठक की अध्यक्षता करेंगे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक के दौरान राहुल गांधी झारखंड में पार्टी और सरकार की कामकाज को लेकर विस्तार से समीक्षा करेंगे. लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वायदों को लेकर की गई कार्रवाई पर जानकारी हासिल करेंगे. झारखंड में संगठन की स्थिति और कामकाज की भी समीक्षा करेंगे. ज्ञात हो कि पिछले दिनों झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के राजू ने भी मंत्रियों से नौ बिंदुओं पर बैठक कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था.
उसके बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के आवास पर कांग्रेस मंत्रियों की बैठक भी हुई है तथा उन नौ बिंदुओं में पेसा नियमावली को लागू करने, रिम्स के विस्तार, निकाय चुनाव में आरक्षण समेत अन्य चुनावी वायदे शामिल हैं. प्रदेश प्रभारी के राजू झारखंड में संगठन को मजबूत करने को लेकर लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं और प्रदेश में संगठन के विस्तार को लेकर शिद्यत के साथ जुटे हैं.
