
उदित वाणी, जमशेदपुर : मलयालम टीवी चैनल की लाइव डिबेट में भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व एबीवीपी अध्यक्ष प्रिंटू महादेव द्वारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी को “सीने में गोली मारने” की धमकी दिए जाने के विरोध में पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी बिष्टुपुर थाना पहुंचे. कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन को इस गंभीर मामले में FIR दर्ज करने हेतु आवेदन दिया गया.
जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की भड़काऊ और संवैधानिक मर्यादाओं के विरुद्ध भाषा लोकतंत्र के लिए घातक है. यह टिप्पणी न केवल राहुल गांधी की सुरक्षा को चुनौती देती है, बल्कि देश की कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों को भी कमजोर करती है. कांग्रेस ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन से भाजपा प्रवक्ता पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में लोकतंत्र और राजनीतिक गरिमा का हनन करने वालों को सबक मिल सके.
इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे जिनमें राजकिशोर यादव, अवधेश सिंह, योगेंद्र सिंह यादव, ब्रजेंद्र तिवारी, शफी अहमद खान, रजनीश सिंह, संजय सिंह आजाद, अंसार खान, बिजेंद्र पाण्डेय, विरेंद्र पाण्डेय, अधिवक्ता नलिनी सिन्हा, रंजीत राम, राजीव मिश्रा, अमित श्रीवास्तव सहित अनेक अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
यह मामला राजनीतिक घमासान का विषय बना हुआ है, और कांग्रेस ने इसे संविधान और लोकतंत्र पर सीधा हमला करार देते हुए भाजपा नेतृत्व से जल्द कार्रवाई और माफी की मांग की है.

