
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा-एनडीए सरकार ने 11 वर्षों की यात्रा पूरी कर ली है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर देशवासियों से संवाद करते हुए बीते एक दशक की उपलब्धियों को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का प्रतिफल बताया. पीएम मोदी ने लिखा, “बीते 11 वर्षों में हमारी सरकार का हर कदम सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है. इन वर्षों में जो उपलब्धियां हुई हैं, वे अभूतपूर्व ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के जीवन को सरल बनाने वाली भी हैं.”
योजनाओं की श्रृंखला: जन कल्याण का विस्तार
प्रधानमंत्री ने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए लिखा, “एनडीए सरकार ने गरीबी उन्मूलन के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं. पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और आयुष्मान भारत जैसी पहलों ने गरीबों को छत, स्वच्छ ईंधन, बैंकिंग सेवाएं और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे बुनियादी अधिकारों से जोड़ा है.” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि डिजिटल समावेशन, डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) और ग्रामीण बुनियादी ढांचे ने पारदर्शिता सुनिश्चित की है और अंतिम व्यक्ति तक तेजी से लाभ पहुंचाया है. उनके अनुसार, “इन प्रयासों से 25 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी की रेखा से ऊपर उठ सके हैं.”
आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर
प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार की नीति को समावेशी विकास का मार्ग बताया. उन्होंने लिखा, “हम एक ऐसे भारत की कल्पना कर रहे हैं जहां प्रत्येक नागरिक को गरिमा के साथ जीने का अवसर मिले. एनडीए सरकार आत्मनिर्भर भारत की दिशा में संकल्पबद्ध है.”
समग्र विकास के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन
प्रधानमंत्री ने कहा, “सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सरकार के प्रयासों ने परिवर्तनकारी परिणाम दिए हैं. समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता रही है.” उन्होंने भरोसा जताया कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को लेकर चल रही यह यात्रा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी.
(IANS)

