उदित वाणी, रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर बाबूलाल मरांडी की नियुक्ति और बजट सत्र की समाप्ति के बाद प्रदेश अध्यक्ष समेत विधानसभा में मुख्य सचेतक व सचेतकों की नियुक्ति को लेकर भाजपा के अंदर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी है. इसी क्रम में प्रतिपक्ष के नेता सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी 27 मार्च की शाम को दिल्ली गये हैं तथा वे 29 मार्च को रांची लौटेंगे. जानकारी के मुताबिक बाबूलाल मरांडी दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई अन्य बड़े नेताओं के साथ मिलकर उक्त पदों पर नियुक्ति समेत संगठन को धारदार बनाने की दिशा में चर्चा करेंगे.
इस दौरान बाबूलाल मरांडी झारखंड की राजनीतिक स्थिति से भी अवगत कराते हुए हेमंत सोरेन सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और भावी रणनीतियों की भी जानकारी देंगे. इधर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल शुक्रवार की सुबह दिल्ली से रांची पहुंचे. पूर्व केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में बंसल से मुलाकात की. बताया गया कि बंसल की पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत पार्टी के बड़े नेताओं के साथ भी मुलाकात हुई. जानकारी के मुताबिक बंसल भाजपा की संगठनात्मक मजबूती के लिए सुझाव ले रहे हैं और संभावना जतायी जा रही है कि जल्द ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समेत विधानसभा में प्रमुख विपक्षी पार्टी के मुख्य सचेतक व सचेतकों की नियुक्ति की जा सकती है.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।