
उदित वाणी, जमशेदपुर : मुसाबनी थाना क्षेत्र के कुईलीसुता पंचायत के पत्नीपाल गांव में शुक्रवार की रात हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. लगातार हो रही बारिश से कमजोर हो चुकी कच्ची दीवार अचानक ढह गई, जिससे घर में सो रही एक महिला और दो बच्चियां उसकी चपेट में आ गईं.
हादसे में 30 वर्षीय साल्गे किस्कु गंभीर रूप से घायल हो गईं और इलाज के दौरान एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में उनकी मौत हो गई. वहीं, उनके साथ मौजूद दो बच्चियां भी दीवार के नीचे दबकर घायल हो गईं.
घायल बच्चियों में कक्षा चार में पढ़ने वाली चंपा हेंब्रम (10 वर्ष) और कक्षा दो में पढ़ने वाली माल्हो हेंब्रम (7 वर्ष) शामिल हैं. माल्हो की हालत गंभीर बताई जा रही है, उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है. वहीं, चंपा का इलाज फिलहाल सीएचसी मुसाबनी में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, साल्गे किस्कु अपने मायके पत्नीपाल आई हुई थीं. शुक्रवार की रात वे अपने भाई लखन हेंब्रम की दोनों बेटियों चंपा और माल्हो के साथ कच्ची दीवार वाले घर में खटिया पर सो रही थीं. तभी दीवार अचानक गिर गई और तीनों उसके मलबे में दब गए.
गांव में इस हादसे से शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पुराने कच्चे मकानों की दीवारें कमजोर हो चुकी हैं और हादसों का खतरा काफी बढ़ गया है.

