
उदित वाणी, रांची : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बड़ी पहल करते हुए मतदाता तक अब 15 दिनों के भीतर वोटर आईडी कार्ड की डिलीवरी सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया है. मतदाताओं को मतदाता सूची में अपडेट होने के 15 दिनों के अंदर वोटर आईडी कार्ड मिल जायेगा. मतदाताओं को उनके मतदाता फोटो पहचान पत्र की तेज़ डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा एक नई मानक संचालन प्रक्रिया शुरू की गई है. जिसके तहत मतदाता सूची में नए मतदाता का नामांकन या मौजूदा मतदाता के किसी भी विवरण में अपडेट करने के पश्चात 15 दिनों में मतदाताओं तक पहुंचा दी जायेगी.
नई प्रणाली निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी [इआरओ] द्वारा वोटर आईडी बनाने से लेकर डाक विभाग के माध्यम से मतदाता तक एपिक की डिलीवरी तक हर चरण की वास्तविक समय पर ट्रैकिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करेगी. मतदाताओं को प्रत्येक चरण में एसएमएस के माध्यम से सूचनाएं भी प्राप्त होंगी. इस पहल का उद्देश्य डेटा सुरक्षा बनाए रखते हुए सेवा वितरण को बढ़ाना है.

