
उदित वाणी, नई दिल्ली : रिलायंस जियो ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 में अपने जियोभारत सीरीज का नया ‘सेफ्टी-फर्स्ट’ मोबाइल फोन पेश किया है. खासतौर पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा और कनेक्टिविटी को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया यह फोन अब बाजार में उपलब्ध है. कीमत मात्र ₹799 होने के कारण यह देश के सबसे किफ़ायती और सुरक्षा केंद्रित फोन में शामिल हो गया है.
नए जियोभारत फोन में लोकेशन मॉनिटरिंग, यूसेज मैनेज और रीयल टाइम फोन हेल्थ जैसे विशेष फीचर्स दिए गए हैं. यह किसी भी समय आपके अपनों का लोकेशन पता लगाने की सुविधा देता है, कॉल और मैसेज एक्सेस को नियंत्रित करने की क्षमता देता है, तथा इंटरनेट के अवांछित कंटेंट को ब्लॉक करने में मदद करता है.
बुजुर्ग भी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं. 7 दिनों तक के बैटरी बैकअप के साथ फोन बैटरी और हेल्थ स्टेटस की रीयल टाइम जानकारी भी देता है. रिलायंस जियो के प्रेसिडेंट सुनील दत्त ने कहा कि तकनीक न केवल लोगों को जोड़ने बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी होनी चाहिए.
जियोभारत का ‘सेफ्टी-फर्स्ट’ सॉल्युशन इसी सोच का परिणाम है, जो परिवारों को आसान और किफ़ायती तरीके से मानसिक शांति देगा. यह नया फोन जियो स्टोर्स, प्रमुख मोबाइल आउटलेट्स, जियोमार्ट, अमेज़न और स्विगी इंस्टामार्ट पर उपलब्ध है.

