
उदित वाणी, जमशदेपुर : भारतीय डाक विभाग ने ‘ढाई आखर’ राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2025-26 की घोषणा की है. डिजिटल युग में लिखावट और भावनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी 50,000 रुपये तक का पुरस्कार जीत सकते हैं. इस वर्ष की थीम “लेटर टू माइ रोल मॉडल” (मेरे आदर्श को पत्र) तय की गई है. प्रतियोगिता की अंतिम तिथि 8 दिसंबर 2025 निर्धारित है. इस तिथि के बाद पोस्ट किए गए पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे. प्रतियोगिता दो आयु वर्गों 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष से अधिक में आयोजित होगी, जिसमें आईएलसी और लिफाफा श्रेणी दोनों शामिल हैं.
राज्य स्तर पर क्रमशः 25,000, 10,000 और 5,000 रुपये के पुरस्कार तथा राष्ट्रीय स्तर पर 50,000, 25,000 और 10,000 रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे. पत्र हिंदी, अंग्रेजी या किसी भी स्थानीय भाषा में हाथ से लिखा होना अनिवार्य है. शब्द सीमा आईएलसी के लिए 500 और ए-4 लिफाफा श्रेणी के लिए 1000 शब्द निर्धारित किया गया है. पत्र संबंधित राज्य के चीफ पोस्टमास्टर जनरल को संबोधित कर भेजे जाएंगे. डाक विभाग का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल भीड़भाड़ से दूर कर लेखन की आत्मीयता और रचनात्मकता से जोड़ना है.

