
उदित वाणी, पटना: पटना के एनआईटी घाट पर शुक्रवार सुबह गंगाजल लेने गए एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। मृतक का नाम सौरभ शर्मा था, जो फुलवारी शरीफ इलाके में रहता था। वह अपने एक दोस्त के साथ कलश में जल भरने गया था।
बताया गया कि दोनों घाट किनारे हंसी-मजाक कर रहे थे, तभी सौरभ का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। उसका दोस्त किसी तरह बच गया, लेकिन सौरभ पानी में डूब गया। बताया जा रहा है कि उसका शरीर भारी था, इसलिए वह खुद को संभाल नहीं सका।
यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे की है। जानकारी मिलते ही SDRF और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद सौरभ का शव गंगा से निकाला गया।
हादसे की खबर मिलते ही उसके घर में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप बेसुध हो गए और पूरा मोहल्ला शोक में डूब गया। सौरभ दो भाइयों में सबसे छोटा था।
यह हादसा श्रावणी महोत्सव की कलश यात्रा के दौरान हुआ। पूरे इलाके में इस घटना से गहरा दुख है। श्रद्धालुओं के बीच भी मातम का माहौल बन गया। कलश यात्रा तो पूरी हुई, लेकिन सभी का मन भारी था।

