
उदितवाणी, चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित डीडीसी सभागार में शुक्रवार को उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-1.0 के अंतर्गत जल छाजन विकास घटक/समेकित जलछाजन प्रबंधन कार्यक्रम के तहत परियोजना पश्चात अनुरक्षण एवं रख-रखाव को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में गठित विभिन्न जलछाजन समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव शामिल हुए. इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी के साथ जिला स्तरीय मनरेगा एवं जलछाजन से जुड़े पदाधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे.
बैठक में उप विकास आयुक्त ने परियोजनाओं के अनुरक्षण एवं रख-रखाव से जुड़े सभी संभावित पहलुओं पर क्रमवार विस्तार से चर्चा की. उन्होंने जलछाजन विकास कोष में पूर्व से उपलब्ध राशि का उपयोग कर जीर्णोद्धार और मरम्मती कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया.
इसके साथ ही जहां जलछाजन विकास कोष में राशि उपलब्ध नहीं है, वहां मनरेगा अभिसरण के माध्यम से कार्ययोजना तैयार करते हुए जिला स्तर पर प्रतिवेदन समर्पित करने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संरचनाओं के बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

