
उदित वाणी, गुवा : दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली “वोट चोर गद्दी छोड़” विशाल रैली में शामिल होने के लिए जगन्नाथपुर के विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु शुक्रवार को दिल्ली पहुँचे. यह रैली लोकतंत्र की रक्षा और जनमत के सम्मान की दिशा में कांग्रेस पार्टी की एक बड़ी पहल मानी जा रही है.
दिल्ली पहुँचने के बाद न्यू झारखंड भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान विधायक सोनाराम सिंकु ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की और कहा कि कांग्रेस की यह रैली देश में लोकतंत्र बचाने का एक ऐतिहासिक प्रयास है. उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ और संविधान की रक्षा का संकल्प है. इसकी सफलता निश्चित है और यह रैली लंबे समय तक याद रखी जाएगी.”
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक इस रैली में शामिल होंगे, जो जनभावनाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की एकजुटता का प्रतीक होगा.
बैठक में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सह जिप सदस्य जय प्रकाश महतो, पार्टी प्रवक्ता त्रिशानु राय, युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल और आफताब आलम सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. सभी ने इस रैली को देश के राजनीतिक इतिहास में लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक बताया.

