
उदित वाणी, गुवा : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में कक्षा तृतीय से द्वादश तक के छात्रों के बीच भाषण प्रतियोगिता एवं साइबर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. भाषण प्रतियोगिता का आयोजन सी.सी.ए. कालांश के अंतर्गत तीन स्तरों में किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
कक्षा 3 से 5 के छात्रों के लिए विषय था – “देशभक्ति” अथवा “हमारे कर्तव्य”. कक्षा 6 से 8 के लिए “हमारी प्राचीन परंपरा” अथवा “विज्ञान के दौर में भारत” विषय निर्धारित था, जबकि कक्षा 9 से 12 के छात्रों ने “विदेशों में करियर” अथवा “सैन्य के क्षेत्र में बढ़ता हमारा पराक्रम” विषय पर अपने विचार रखे. प्रतियोगिता के परिणाम में कक्षा 12 के छात्र सिद्धांत कुमार दास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 9 की छात्रा वैष्णवी द्वितीय स्थान पर रहीं.

प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के रूप में शिक्षक राजेश राम एवं अरविंद कुमार ठाकुर ने किया. कार्यक्रम का संचालन सी.सी.ए. प्रभारी डी.के. देव ने किया. क्रीड़ा शिक्षक हर्ष धनवार अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रहे. तकनीकी सहायता में शिक्षिका जे. रमा एवं अंतरा चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मंच संचालन कक्षा 10 की छात्रा वैष्णवी कुमारी ने किया. कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया.

इसके उपरांत टाटा स्टील के जे.आर.डी.टी.टी. सभागार में “साइबर जागरूकता – इंटरनेट का सुरक्षित और ज़िम्मेदाराना उपयोग” विषय पर एक विशेष सत्र आयोजित किया गया. इस सत्र का उद्देश्य साइबर बदमाशी को समझना, ऑनलाइन अपराधियों से बचाव के उपाय सीखना तथा अनुचित ऑनलाइन सामग्री से दूरी बनाए रखने के तरीकों से छात्रों को अवगत कराना था. इस कार्यक्रम में लगभग 350 छात्रों ने भाग लिया. ओएमक्यू की आई.टी. टीम से श्री सैयद ने सत्र का संचालन किया. शिक्षक मानस रंजन मिश्र, कुसुम कुमारी, बृजेश पांडे एवं सचिन साव ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता दर्ज की.

