
उदित वाणी, गुवा : गुवा स्थित सेल प्लांट में शनिवार को ठेकेदार द्वारा ओवरटाइम का भुगतान नहीं किए जाने के विरोध में ठेका कर्मियों और संयुक्त यूनियन ने जनरल ऑफिस के समक्ष जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया.
कर्मियों ने बताया कि वे पूरे महीने यानी 30 दिन काम करते हैं, मगर ठेकेदार की ओर से केवल 26 दिनों का ही वेतन दिया जाता है. साथ ही, पिछले दो महीनों से किए गए ओवरटाइम का भी भुगतान नहीं किया गया है. ओवरटाइम की राशि रोके जाने से नाराज ठेका कर्मियों ने भुगतान की मांग करते हुए प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया, तो वे चक्का जाम की रणनीति अपनाएंगे.
मजदूरों के आंदोलन को देखते हुए सेल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए बैठक बुलाई. बैठक के पश्चात मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने ठेका मजदूरों और संयुक्त यूनियन प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि आगामी 7 नवंबर तक सभी कर्मियों का ओवरटाइम भुगतान किया जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी का भी वेतन नहीं काटा जाएगा और पूरे 30 दिनों का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा.
प्रबंधन से आश्वासन मिलने के बाद ठेका कर्मियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया. इस दौरान संयुक्त यूनियन के बैनर तले झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), झारखंड मुक्ति मोर्चा यूनियन सहित बड़ी संख्या में ठेका मजदूर उपस्थित थे.

