
उदित वाणी, गुवा : देश की प्रख्यात सामाजिक संस्था *अजीम प्रेमजी फाउंडेशन* द्वारा छात्राओं के लिए शुरू की गई छात्रवृत्ति योजना के तहत पंजीकरण प्रक्रिया युद्ध स्तर पर जारी है. इस छात्रवृत्ति में छात्राओं को वार्षिक 30 हजार रुपये दिए जाएंगे, जिसका उपयोग ट्यूशन फीस या शिक्षा संबंधी अन्य खर्चों में किया जा सकेगा.
फीया फाउंडेशन कर रही मदद
मनोहपुर स्थित *फीया फाउंडेशन* द्वारा इस छात्रवृत्ति के पहले चरण का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है. संस्था की टीम इंटरमीडिएट स्कूल और कॉलेजों में पहुंचकर छात्राओं का पंजीकरण कर रही है, वहीं डोंगाकाटा स्थित कार्यालय में प्रतिदिन दर्जनों छात्राएं रजिस्ट्रेशन करा रही हैं. इस पहल से छात्राओं एवं अभिभावकों में उत्साह और खुशी का माहौल है.
पात्रता और शर्तें
इस स्कॉलरशिप के लिए वही छात्राएं पात्र होंगी जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई किसी सरकारी स्कूल से नियमित छात्रा के रूप में पूरी की हो. यह सुविधा *अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड* के सरकारी स्कूलों की छात्राओं को मिलेगी.
छात्रवृत्ति उन्हीं छात्राओं को दी जाएगी जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम (अवधि 2 से 5 वर्ष) के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो. यह प्रवेश सरकारी या किसी विश्वसनीय निजी कॉलेज/विश्वविद्यालय में होना चाहिए.
आवेदन प्रक्रिया और समयसीमा
– पहला चरण: 10 सितंबर से 30 सितंबर 2025 तक
– दूसरा चरण: 10 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक
फाउंडेशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संजय सोरेंग ने बताया कि आवेदन पूरी तरह निःशुल्क है और केवल अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा लॉन्च की गई आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे.
उद्देश्य
अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं को उच्च शिक्षा में आर्थिक सहयोग देना है, ताकि वे बिना आर्थिक बोझ के कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर सकें.

