
उदित वाणी, गुवा : सारंडा मंडल के अंतर्गत बड़ाजामदा साप्ताहिक हाट परिसर में आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अगुवाई सरना युवा मोर्चा के अध्यक्ष एवं आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के मंडल प्रभारी प्रफुल्ल महाकुड़ ने की, जबकि अध्यक्षता अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सह पूर्व जिला पार्षद शंभू पासवान ने की.
कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता, दुकानदार और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. मौके पर अपने संबोधन में श्री पासवान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य देश को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है. उन्होंने कहा कि यह अभियान घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने, आयात पर निर्भरता घटाने और नवाचार के माध्यम से स्थानीय उद्योगों को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है. कोविड-19 महामारी के दौरान इसकी शुरुआत हुई थी ताकि भारत वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सके.

अन्य वक्ताओं ने भी लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में भारत में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता दें. उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीयों के साथ मिलकर स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने से “आत्मनिर्भर भारत” का लक्ष्य साकार होगा.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजीत सिंह, कैलाश दास, मदन गुप्ता, गणेश गुप्ता, राजा तिर्की, राजेश ठाकुर, चितरंजन प्रधान, महेंद्र महाकुड़, मंगल सिंह गिलुवा तथा शिवकुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य उपस्थित थे. आयोजन स्थल पर “स्वदेशी अपनाओ – देश को आत्मनिर्भर बनाओ” का नारा गूंजता रहा और लोगों ने आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया.

