
उदित वाणी, रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रत्येक प्रक्रिया अधिनियमों में स्पष्ट रूप से वर्णित है और सभी पदाधिकारियों को उन्हीं स्थापित प्रावधानों के अनुसार कार्य करना होगा. वे शुक्रवार को निर्वाचन सदन से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में निर्देश दे रहे थे.
एएसडीडी सूची को करें डिजिटलाइज
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के समय एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ और डुप्लीकेट (एएसडीडी) की सूची अलग से प्रकाशित की जाएगी. इस सूची को समय पर डिजिटलाइज करना सुनिश्चित किया जाए. साथ ही एएसडीडी सूची का सत्यापन संबंधित मतदान केंद्र के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट से कराना अनिवार्य होगा.
राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बैठक जरूरी
उन्होंने सभी जिलों को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण से पहले की तैयारियों की अद्यतन स्थिति साझा करें और समन्वय बनाए रखें.
एक भी पात्र मतदाता न छूटे
के. रवि कुमार ने कहा कि लक्ष्य यह होना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए. बीएलओ को घर-घर जाकर उस घर के मुखिया और वहां रहने वाले सदस्यों की सूची तैयार करने को कहा गया है, जिससे पुनरीक्षण कार्य में सुविधा मिल सके.
बिना मकान संख्या वाले घरों को दें नोशनल नंबर
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन मकानों की संख्या नहीं है, उन्हें नोशनल नंबर देकर चिन्हित किया जाए. इससे एक ही मकान में रहने वाले मतदाताओं का मतदान केंद्र एक ही स्थान पर सुनिश्चित किया जा सकेगा.
बीएलओ प्रशिक्षण और ईसीआईनेट पर जोर
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर का प्रशिक्षण समय पर कराया जाए. प्रशिक्षण के दौरान ईसीआईनेट के माध्यम से बीएलओ से संपर्क करने के ‘बुक ए कॉल’ फीचर की जानकारी दी जाए और मतदाताओं द्वारा पूछे गए सवालों व शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

