उदित वाणी, रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थी महिलाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. जनवरी और फरवरी माह की राशि होली से पहले महिलाओं के खाते में ट्रांसफर की जाएगी. इस दौरान महिलाओं को एक साथ दो महीनों की राशि, कुल 5000 रुपये, भेजे जाएंगे. झारखंड विधानसभा सत्र के तीसरे दिन मंत्री चमरा लिंडा ने सदन में यह जानकारी दी.
होली से पहले मिलेंगी राशि
मंत्री चमरा लिंडा ने बताया कि 15 मार्च तक मंईयां सम्मान योजना की लाभार्थी महिलाओं के खाते में जनवरी और फरवरी माह की राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी. इसके साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि मार्च माह की राशि विभाग को भेज दी गई है और वह भी जल्द ही महिलाओं के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी.
खुशियों का पर्व: महिलाएं मनाएंगी रंगों का त्यौहार
मंत्री के इस बयान पर विधानसभा में उपस्थित सी.पी. सिंह ने टिप्पणी करते हुए कहा, “अगर होली से पहले महिलाओं को राशि मिलती है, तो वे खुशी से त्यौहार मनाएंगी.” इस पर मंत्री चमरा लिंडा ने जवाब दिया कि होली से पहले सभी लाभार्थी महिलाओं के खाते में मईयां सम्मान योजना की राशि पहुंच जाएगी.
राशि का भुगतान में देरी
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को दिसंबर के बाद से कोई राशि नहीं मिली है. योजना की शुरुआत में महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की राशि मिलती थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया गया. हालांकि, राशि बढ़ने के बाद से अब तक महिलाओं को केवल एक बार ही इसका लाभ प्राप्त हुआ है.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।